- 9 साल बाद दिसंबर की शुरुआत में जमी बर्फ
- माउंट आबू मेंं शनिवार की रात अबतक की सबसे सर्द रात थी
जयपुर. उत्तर भारत में लगातार बर्फबारी के कारण अब राजस्थान में भी सर्दी जमने लगी है। 2.4 डिग्री के साथ माउंट आबू में शनिवार रात सीजन में सबसे सर्द रही। सुबह जगह-जगह बर्फ जमी नजर आई। माउंट आबू में नौ साल बाद दिसंबर के पहले सप्ताह में बर्फ जमीं है। सीजन में पहली बार 15 शहरों का पारा 10 डिग्री से नीचे रहा। जयपुर में रात का पारा 9.8 डिग्री दर्ज हुआ। अभी पारा और गिरने की संभावना है।
माउंट आबू में शनिवार को न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 19.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया था। सर्द हवाएं चलने से पर्यटकों व शहरवासियों को ऊनी कपड़ों का सहारा लेना पड़ा। रविवार सवेरे पोलो ग्राउंड व होटल के पार्क में घास व पौधों पर ओस की बूंदें जम गई।
जिला मुख्यालय पर भी तापमान में तीन डिग्री की गिरावट हुई। रविवार को सिरोही का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 23 डिग्री सेल्सियस रहा। सर्द हवाएं चलने से दिन भी सर्दी का असर बरकरार रहा।
जयपुर का पारा 9.8 डिग्री, अभी और गिरेगा
माउंट आबू | 2.4 |
फतेहपुर | 2.9 |
सीकर | 5.5 |
गंगानगर | 6.9 |
चूरू | 7.0 |
पिलानी | 7.8 |
बीकानेर | 8.0 |
वनस्थली | 8.5 |
अजमेर | 9.7 |
काेटा | 9.9 |